मंडी (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव आश्रय शर्मा ने प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह से निवेदन क्या किया मानो कांग्रेस पार्टी में भूचाल सा ही आ गया है। आए दिन पार्टी के नेता कभी इस बयान का स्वागत कर रहे हैं तो कहीं निंदा। अब प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महामंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी आश्रय शर्मा के पक्ष में आकर खड़े हो गए हैं। सराज से टिकट के दावेदार
महेंद्र सिंह ठाकुर का भी यही कहना है कि युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को सराज में व्यक्ति विशेष के लिए प्रचार नहीं करना चाहिए। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने आश्रय शर्मा के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह युवा कांग्रेस का चेहरा हैं और वह सराज में कांग्रेस पार्टी की स्थिति से भली भांति अवगत हैं। ऐसे में उन्हें सराज में किसी व्यक्ति विशेष के लिए प्रचार न करके पार्टी के लिए प्रचार करना चाहिए।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने सराज सेवादल कांग्रेस के प्रभारी द्वारा दिए गए बयान की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि सेवादल कांग्रेस के जो प्रभारी हैं उन्हें तथ्यों को ध्यान में रखते हुए बयानबाजी करनी चाहिए न कि व्यक्ति विशेष के परिवार के प्रति किसी प्रकार का बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम का प्रदेश के विकास में अहम योगदान रहा है और उनकी पार्टी से निकले नेता आज कांग्रेस में शामिल होकर उच्च पदों पर बैठे हैं। ऐसे में उन्हें परिवार विशेष पर इस प्रकार की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।