नाहन (एमबीएम न्यूज): नाहन फाउंडरी की बेकार पड़ी जमीन के इस्तेमाल को लेकर छिड़े घमासान में कवि कूद पड़े हैं। नाहन के कवियों ने इस जमीन के एक हिस्से पर सांस्कृतिक सदन खोलने की मांग उठाइ दी है। उल्लेखनीय है कि पूर्व सरकार ने इस जमीन पर नाहन कॉलेज खोलने का फैसला लिया था। जिसे वर्तमान सरकार ने खारिज कर दिया।
वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा फाउंडरी के एक हिस्से में एनएच कार्यालय का निर्माण कर रहा है। जिस पर स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल द्वारा आपत्ति दर्ज कर इस जमीन का इस्तेमाल बेरोजगारों का रोजगार प्रदान करने की मांग उठाई है। शहर के बीचोंबीच बेकार पड़ी इस बेशकीमती जमीन पर मचे घमासान में अब नाहन के साहित्यकार भी कूद पड़े हैं।
शहर के कवियों एवं कलाकारों ने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से इस जमीन के एक हिस्से में सांस्कृतिक सदन खोलने की मांग उठाई है। नोबल अर्थ हयूमन राईट ऑर्गेनाईजेशन ने इस मांग को लेकर एक पत्र प्रदेश मुख्यमंत्री को भी भेजा है, जिसमें उन्होंने इस मांग को पूरा करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में साहित्कार जोवद उल्फत, पंकज तन्हा, धर्म सिंह, श्रीकांत अकेला, भुवन जोशी, चिर आनंद, दीप दयाल वर्मा, अचर्ना शर्मा, शबाना, विजय रानी बंसल, धर्म सिंह, करूण नागर, जोगेंद्र सिंह, दीपचंद कौशल, फर्जाना, कमल प्रकाश मित्तल, ललित पंवार, राकेश कुमार, चमन ठाकुर, विनोद ठाकुर सहित दो दर्जन से अधिक कलाकारों ने कहा कि जिला मुख्यालय नाहन में सांस्कृतिक सदन खोलना प्रस्तावित है। सरकार द्वारा 5 करोड़ की राशि भी उपलब्ध करवाई गई है।
नाहन फाउंडरी के एक हिस्से में सांस्कृतिक सदन खोला जाना उत्तम रहेगा। इससे जहां शहर में ही कलाकारों को बेहतर मंच प्राप्त होगा वहीं शहर के कलाप्रेमी भी साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का लुत्फ उठा पाएंगे। साहित्यकारों ने कहा कि सांस्कृतिक सदन के लिए गत् वर्ष भी सरकार द्वारा करोड़ो की राशि उपलब्ध करवाई गई थी। किंतु भूमि का चयन न होने के कारण यह राशि लैप्स हो गई थी।
वर्तमान में भी समय निकला जा रहा है, किंतु उपयुक्त भूमि का चयन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में डर है कि करोड़ों की राशि फिर से लैप्स न हो जाए। इसलिए बेहतर है कि नाहन फाउंडरी के एक हिस्से में सांस्कृतिक सदन खोला जाए। उन्होंने कहा कि यह मांग पहले भी जिला प्रशासन के समक्ष कई बार उठाई जा चुकी है।
साहित्यकारों एवं कलाकारों ने विधायक डा. राजीव बिंदल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सोलंकी, पूर्व विधायक एवं हिम फैड अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह, पूर्व विधायक कुश परमार से भी इस मांग को समर्थन देने की अपील की है।