शिमला (एमबीएम न्यूज): प्रचंड ठंड के हाई वोल्टेज करंट की चपेट में हिमाचल है। मतलब साफ है, प्रदेश की सडक़ों पर सावधानी से सफर करने की जरूरत है। तकरीबन 60 फीसदी राज्य में आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। छह साल बाद राजधानी का तापमान -3.2 डिग्री तक लुढक़ गया है।
बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय को पंख लगने की बड़ी उम्मीदें रहती हैं, लेकिन सैलानी प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं। मौसम विभाग ने 15 व 16 जनवरी को फिर बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान दिया है। इस साल व्हाइट क्रिसमस हुआ। 25 साल बाद इस पर्व पर आसमान से चांदी बरसी। इसके बाद नववर्ष की शाम को हिमपात हुआ। 7 जनवरी की बर्फबारी ने राज्य को हिलाकर रख दिया है।
राजधानी के हालात एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद सामान्य नहीं हो रहे हैं। हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन मोटे अनुमान के मुताबिक राज्य की लगभग 500 पंचायतों में ब्लैकआउट है। यहां तक की राजधानी में भी बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो रही। मौसम के बढ़ते सितम से हड्डियां कंपकंपा रही हैं।