ऊना (एमबीएम न्यूज़) : सिरमौर और कांगड़ा में हॉकी के विभिन्न वर्गों की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 18 फरवरी से शुरू होगी। 9 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरूष व महिला के विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तय करने के लिए रविवार को ऊना में हॉकी हिमाचल की विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता हॉकी हिमाचल की उपाध्यक्ष सुषमा पठानिया ने की। जबकि हमीरपुर के सांसद एवं हॉकी हिमाचल के महासचिव अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और जिलों के अध्यक्ष व महासचिवों ने हिस्सा लिया।
हॉकी हिमाचल के महासचिव अनुराग ठाकुर ने बताया कि 18 से 22 फरवरी तक ऊना में हॉकी की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इसमें सीनियर वर्ग के पुरूष एवं महिलाओं के मुकाबले खेले जाएंगे। सिरमौर में 2 से 5 अप्रैल तक जूनियर वर्ग के लड़के एवं लड़कियों होगी। अनुराग ने बताया कि सब जूनियर प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल को कांगड़ा में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के लिए मूलभुत सुविधाओं की कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तरीय की स्पर्धाओं हिस्सा लेने के लिए तैयार हो, इसके लिए बेहतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व हॉकी खिलाडिय़ों को उचित सुविधा मुहैया करवा हॉकी के कोचिंग व एम्पायर स्टाफ में जोडऩे की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ समय में कोचिंग एवं एम्पायर पैनल बनाने का भी प्रयास किया जाएगा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ऊना व शिमला के शिलारू में दो ही जगह हॉकी एस्ट्रो टर्फ है। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने एक मत के साथ पूर्व ओलंपियन चरणजीत सिंह को हॉकी हिमाचल का संरक्षक नियुक्त किया।
इस बैठक में उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, सतिंद्र त्रेहण, कोषाध्यक्ष राजेश भंडारी, संयुक्त सचिव तेज प्रकाश चोपड़ा, सुमन पुरी, पुनीत सेठी, आरएस पठानिया, प्रताप ठाकुर, यशपाल, सुनीता ठाकुर, सुखराम चौधरी, सुमित शर्मा, तेजवंत नेगी, प्रशांत कलश, राज कुमार, विशाल शर्मा व इश्वर रोहाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।