शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश में 24 हजार से अधिक लोगों को पेशंन का लाभ नहीं मिल पाया है। सूबे में पेंशन को लेकर 24579 पात्र लोगों के आवेदन सरकार के पास लंबित पड़े हैं। यह जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने जयराम ठाकुर, महेश्वर, सिंह, रणधीर शर्मा, कृष्ण लाल ठाकुर और बिक्रम सिंह जरियाल की ओर से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।
शांडिल ने अपने जवाब में कहा कि प्रदेश में 389168 लोगों को सामाजिम सुरक्षा पेंशन के लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 92332 लोगों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, 149121 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन और 21516 लोगों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन दी जा रही है। इसके साथ-साथ 77678 लोगों को विधवा पेंशन, 1851 को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय अपंगता पेंशन और 46188 को अपंगता भत्ता दिया जा रहा है।
भाजपा के महेंद्र सिंह और सुरेश भारद्वाज ने अनुपूरकों सवालों में उनके विधानसभा क्षेत्रों में कई पात्र लोगों को पेंशन लाभ नहीं मिलने और विलंब से पेंशन मिलने का जिक्र किया। विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने पेंशन योजनाओं के तहत केंद्र से मिलने वाले शेयर की जानकारी बारे जानना चाहा। जिस पर मंत्री ने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन में केंद्र का हिस्सा 200 रूपए और राज्य का हिस्सा 450 है। वृद्धावस्था पेंशन में केंद्र से 500 रूपए और राज्य से 700 रूपए दिए जा रहे हैं।