शिमला (एमबीएम न्यूज) : नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को करारा झटका लगा है। यहां के एक स्थानीय नेता आज कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। शहरी भाजपा को आगामी नगर निगम चुनाव में इसका लाभ मिल सकता है।
जिला भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि टूटीकंडी कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमरदीप शर्मा (नौनी) ने कांग्रेस पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि टूटीकंडी वार्ड के प्रभारी जय चंद ठाकुर, रजत कोहली, रमेश जोशी, पीएल शर्मा, एसके गोयल, राकेश ठाकुर, अरुण, सचिन, मयंक आदि की मौजूदगी में भाजपा के अध्यक्ष प्रदीप कश्यप और विधायक सुरेश भारद्वाज से मिले तथा भाजपा में शामिल होने का निवेदन किया। इन्हें भाजपा का पटका पहनाकर तथा सदस्य बनाकर पार्टी में शामिल किया।
इस अवसर पर विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि आज सारा देश प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य तथा नीतियों का अनुबोधन कर रहा है और हिमाचल प्रदेश की जनता भी उसमें अपना कदम से कदम मिलाएगी। उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी अपने कुकृत्यों को कारण समाप्त हो रही है तथा युवाओं के एक मात्र आशा की किरण नरेंद्र मोदी है। भाजपा शिमला नगर निगम तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा के चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी।