शिमला (एमबीएम न्यूज) : ठियोग और सुन्नी में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ठियोग के पास जनोगघाट में तीखे मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई। कार में दो लोग सवार थे। हादसे में 63 वर्षीय सीताराम के सिर पर गहरी चोटें लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक ठियोग के संधू का निवासी था। कार चालक राकेश कुमार घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए ठियोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना आज दिन में हुई।
इससे पहले कल रात करीब अढ़ाई बजे सुन्नी थाना क्षेत्र के ओगली में एक आल्टो कार 100 फुट खाई में गिर गई थी। कार को शालाघाट निवासी हुक्म चंद पुत्र हरीदत चला रहा था। हादसे के बाद वह बेहोश हो गया था। राहगीरों ने आज सुबह कार को खाई में देखकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने हुक्म चंद को गंभीर अवस्था में आईजीएमसी पहुंचाया। यहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।