हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियां कह रही हैं चुनाव कभी भी हो सकते है । इसलिए कार्यकर्ता तैयार रहें और मेहनत करें। संसदीय क्षेत्र के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा प्रदेश को एक सशक्त सरकार देगी जो प्रदेश की सेवा कर प्रदेश को आगे बढ़ा ले जायेगी। भाजपा निरन्तरता वाली सरकार इस प्रदेश को देगी। वही सांसद अनुराग ठाकुर भी इस बठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निजी होटल में संसदीय क्षेत्र की बैठक में पार्टी के पूर्व के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई और आने वाले समय में पार्टी की रणनीति तय की गई। लोकसभा का त्रिदेव सम्मेलन आने वाली चार जून को तय किया गया है। इस सम्मेलन में मतदान केंद्र के अध्यक्ष, पालक और बीएलए भाग लेंगे। इन तीनों को पार्टी ने त्रिदेवों का नाम दिया है। ससंदीय क्षेत्र में 1704 मतदान केंद्र हैं और इन मतदान केन्द्रों से कुल 5112 त्रिदेव इस सम्मेलन में भाग लेंगे। जिसके लिए पूरी रणनीति आज की बैठक में तय की गई।
बैठक में त्रिदेव सम्मेलन के मद्देनजर जिम्मेवारियां भी तय की गई। धूमल ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी दीवार लेखन अभियान निचले स्तर तक शुरू करने जा रही है। पार्टी प्रचार प्रसार में तेजी लाएगी और केंद्र की योजनाओं को और प्रदेश सरकार की नाकामयाबियों को जन जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक स्तर पर पदयात्रा अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में केंद्र की योजनाओं से लाभ लेने वाले लोगों के सम्मेलन भी आयोजित करेगी। पार्टी युवा वर्ग, महिला शक्ति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों का स्थान-स्थान पर सम्मेलन आयोजित करवाएगी। पार्टी प्रदेश भर में निचले क्षेत्र तक अपनी गतिविधयां तेज करने जा रही है। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की दृष्टि से तैयार रहने को कहा है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा की प्रदेश में सरकार नहीं माफिया राज चला रहा है।