शिमला (एमबीएम न्यूज) : जिले के चौपाल क्षेत्र के मढ़ाबग बाजार में एक होटलनुमा ढाबे में सिलेंडर फटने से आग लग गई। ढाबे में रखा सामान आग की चपेट में आकर राख हो गया है और ढाबे का नौकर आगजनी में झुलस गया। उसे गंभीर अवस्था में आईजीएमसी रैफर कर दिया गया है। घटना बीती रात की है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मढ़ाबग बाजार में सुनील और पवन संयुक्त रूप से ढाबा चलाते हैं। चमन लाल निवासी सुंदरनगर जिला मंडी इस ढाबे में नौकर है। विगत रात्रि ढाबे की रसोई में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। उस समय चमन लाल ढाबे में ही सोया हुआ था और आगजनी से वह बुरी तरह झुलस गया। धमाके के बाद आसपास के इलाकों के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुटे। दमकल विभाग को भी सूचित किया गया। दमकल वाहनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। उधर, झुलसे चमन लाल को रात को ही गंभीर अवस्था में आईजीएमसी ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि आग से किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।