नेरचौक/मंडी ( अनीता सेन /वी कुमार ): बल्ह उपमंडल के स्यांह में दो परिवारों के आपसी झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार स्यांह के कर्म सिंह और गिरधारी लाल का कई दिनों से घर के गंदे पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके लिए पहले भी दोनों पक्षों में अकसर कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार को दोपहर बाद कर्म सिंह अपने घर के पास कार्य कर रहा था। उसी समय गिरधारी के घर से गंदे पानी का बहाव कर्म सिंह के घर की तरफ चला गया।
कर्म सिंह ने गिरधारी को इस बारे कहा तो उनमें आपस में नाकझोंक हो गई। नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि नौबत हाथापाई तक आ गई और दोनों आपस में झगडऩे लग गए। दोनों आपस में कुछ समय तक झगड़ते रहे और फिर मारपीट की। जिस पर गिरधारी लाल ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई तो पुलिस ने उसका मैडीकल करवाया और भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया। घर वापसी पर रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। जिस दौरान गिरधारी लाल की मौत हो गई। यह अलग बात है कि कहा यह भी जा रहा है कि वापस लौटते वक़्त गिरधारी लाल की मौत की वजह हार्ट अटैक भी हो सकता है। एएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कर्म सिंह भी स्वयं थाने में झगड़े की शिकायत को लेकर पहुंच गया जहां पर उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और साक्ष्यों को जुटाने में जुट गई। आपसी झगड़े पर मौत की खबर सुनते ही मृतक के परिजनं में आक्रोश फैल गया। उपमंडल प्रशासन सहित पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचे ।इसके बाद माहौल शांत हो पाया।