शिमला (एमबीएम न्यूज): कोटखाई की गुडिय़ा प्रकरण में वीरवार को भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। भाजपा ने शिमला बंद का आह्वान किया था। भारी संख्या में लोग आज भी प्रदर्शन कर रहे हैं। खबर यह भी आ रही है कि प्रदर्शनकारियों ने राज्य सचिवालय पर संंजौली की तरफ से पथराव किया है। सचिवालय के तमाम गेट बंद कर दिए गए हैं।
सचिवालय के स्टाफ में भी दहशत पैदा हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लोगों से संयम रखने का आह्वान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की है कि इस संवेदनशील समय में शांति बनाए रखें। किसी भी तरह के आंदोलन व विपक्ष द्वारा घोषित किए गए बंद के दौरान सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाए। हिमाचल में शांति व न्याय की परंपरा रही है, इसे बरकरार रखें।
उधर ठियोग में भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अड़े हुए हंै। इंडो-तिब्बत हाईवे तकरीबन दो घंटे से बंद पड़ा हुआ है। भाजपा व वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। ठियोग में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। एंबूलेंस व सेना के वाहनों को रास्ता दिया जा रहा है।
देखिए इस वीडियो में कैसे लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है। सचिवालय की तरफ कूच करते प्रदर्शनकारी।