मंडी (वी.कुमार): शहर के सौंदर्यकरण पर 28 करोड़ की धनराशि को खर्च किया जा रहा है। यह जानकारी ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा ने दी। अनिल शर्मा शनिवार को जिला के गर्ल्ज स्कूलमें अंडर- 19 स्कूली छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अनिल शर्मा ने कहा कि शहर के सौंदर्यकरण पर 28 करोड़ की राशि को खर्च किया जा रहा है जिसमें से अधिकतर कार्य हो चुके हैं और बाकी कार्य प्रगति पर हैं। जब भी शहर में कोई नया काम शुरू होता है तो राजनीतिक दृष्टि से उसका विरोध होता है। सभी को एकजुटता के साथ शहर के विकास पर काम करना चाहिए और जो भी विकास के कार्य हुए व हो रहे हैं उसका जनता को पूरा लाभ मिल रहा है।
अनिल शर्मा ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवाया गया है तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों में खेल मैदानों का भी निर्माण किया गया है।
उन्होंने कहा कि बग्गी तुंगल में 80 लाख रूपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल सके। इस मौके पर अनिल शर्मा ने गर्ल्ज स्कूल में संगीत कक्ष स्थापित करने का भरोसा भी दिलाया। खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सदर खंड के 19 स्कूलों से आई 280 छात्राएं भाग ले रही हैं।