रिकांगपिओ (जीता सिंह नेगी): प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा गददी समुदाय पर कि गई टिप्पणी की आग शांत होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश भर में गददी समुदाय के लोग मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विरूद्ध हल्ला बोल रहे हैं, वही भाजपा अनुसूचित जनजातीय मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष ने भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। गददी समुदाय पर प्रदेश मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह द्वारा की गई व्यंग्यात्मक बयानबाजी से पूरे प्रदेश के ट्राईबल लोगों को अपमानित किया है, जिसके लिए प्रदेश मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह को माफी मांगनी चाहिए।
यह बात रिकांगपिओ में प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश भाजपा एसटी मोर्चा अध्यक्ष सूरत नेगी ने कही। इस दौरान उनके साथ प्रदेश एसटी मोर्चा मुख्य प्रवक्ता हाकिम नेगी, सह मीडिया प्रभारी तेजेन्द्र नेगी, एसटी मोर्चा जिला किन्नौर अध्यक्ष परविन्द्र नेगी व युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील नेगी भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
हाल ही में कांगडा में गददी समुदाय के लोगों द्वारा मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह को काले झण्डे दिखा कर शान्तिपूर्वक रोष प्रकट कर रहे थे। उस दौरान कांग्रेस के विधायक सुधीर शर्मा ने गददी समुदाय के भोले-भाले लोगों पर लाठीचार्ज कर एक शर्मनाक कार्य किया गया है।
इस शर्मनाक कार्य के लिए प्रदेश मुख्यमन्त्री को माफी मांगनी चाहिए। यदि प्रदेश के मुख्यमन्त्री गददी समुदाय पर किए गए बयानबाजी के लिए माफी नहीं मांगते हैं तो प्रदेश एसटी मोर्चा पूरे हिमाचल प्रदेश में एकजुट हो कर अन्दोलन करेगा।