ऊना (एमबीएम न्यूज) : एसपी संजीव गांधी की नशे के कारोबार के खिलाफ आंधी बदस्तूर जारी है। अब तक की गांधी को सबसे बडी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय गिरोह तस्कर 37 वर्षीय इमेका जो नाइजीरिया का रहने वाला है, को 471.70 ग्राम हेरोइन व 0.56 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सीरिंज की खेप के साथ नशे का सामान तोलने के लिए एक उपकरण भी बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि बरामद की गई नशे के सामान की कीमत अंर्तरराष्ट्रीय बाजार में 30 लाख के आसपास हो सकती है। गिरफ्तार नाइजीरियन मूल का आरोपी दिल्ली में बैठकर अपना कारोबार चला रहा था। दरअसल 8 अगस्त के एक मामले के बाद गांधी की टीम चुप नहीं बैठी। इस मामले में मोगा के रहने वाले मनोज कुमार को 6 ग्राम हेरोइन के साथ पकडा गया था।
इसके बाद ही पुलिस मनोज से यह पता लगाने में लगी रही कि बेश कीमती नशे का सामान प्रदेश में कहां से पहुंच रहा है। कडियों को जोडते-जोडते गांधी की टीम नाईजीरियन मूल के सप्लायर तक पहुंचने में कामयाब हो गई। पिछले 15 दिन में ऊना पुलिस ने एनडीपीएस के 9 मामलों में 12 नशा कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। 15 अगस्त को भी मंडी के रहने वाले चरस तस्कर के कब्जे से 2 किलो खेप बरामद की थी। नशे की तस्करी करने वाले शातिर व चालाक होते है, लेकिन खाकी भी एक कदम आगे चलने में सफल हो रही है।
एसपी संजीव गांधी का कहना है कि ताजा मामले में भी पुलिस जड तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। सनद रहें कि हेरोइन की बरामदगी महज 2 से 5 ग्राम के बीच ही होती है, लेकिन इस मामले में आधा किलो के करीब बरामदगी हुई है जो प्रदेश में अपनी तरह का एक रिकार्ड भी हो सकता है।