शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल में स्क्रब टायफस बीमारी का कहर जारी है। इस बीमारी से लगातार हो रही मौतों से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। बरसात थमने के बाद स्क्रब टायफस के मामले कम होने से उल्टा बढ़ते जा रहे हैं। आईजीएमसी शिमला में स्क्रब टायफस से एक और मरीज की मृत्यु हो गई। शिमला जिले का कोटखाई निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति को 19 सितम्बर को गंभीर हालत में आईजीएमसी के आईसीयू में भर्ती किया गया था। आज उसकी मौत हो गई। बीते कल भी आईजीएमसी में एक युवती की स्क्रब टायफस से मौत हुई थी।
आईजीएमसी के एम.एस. डॉक्टर रमेश के मुताबिक इस सीजन में स्क्रब टायफस से होने वाली यह 16वीं मौत है। इनमें ज्यादातर मौतें बीते एक माह की अवधि में हुई हैं। इस बीमारी की चपेट में आने वाले लोगों की सुख्या 400 तक पहुंच गई है। स्क्रब टायफस के बढ़ रहे मामलों से स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों की भी नींद उड़ रही है। इस बीमारी के प्रति जनता में जागरूकता फैलाने के लिए अब लोगों के मोबाइल पर स्क्रब टायफस के बचाव संबंधी एसएमएस किए जा रहे हैं।
दरअसल यह बीमारी बरसात के मौसम में उगने वाली घास व खरपतवार में पनपने वाले पिस्सुओं के काटने से होती है। इस बीमारी से पीडि़त व्यक्ति को हाईफीवर आता है। समय पर उपचार न मिलने पर मरीज की मौत तक हो सकती है।