ऊना (एमबीएम न्यूज) : गगरेट रोड स्थित ईसपुर में बाइक स्किड होने से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पंडोगा निवासी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम पंडोगा निवासी युवक अपनी माता 60 वर्षीय पुष्पा देवी को बाइक पर ऊना की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ईसपुर अस्पताल के पास अचानक उनकी बाइक स्किड हो गई। जिसके चलते दोनों मां बेटा बाइक से गिर गए। हादसे में बाइक पर बैठी महिला बुरी तरह से घायल हो गई। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से फौरन ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर डॉक्टरों उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन पुष्पा देवी ने पीजीआई पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी से एक टीम घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने ऊना अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। डीएसपी हरोली अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।