हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : टौणी देवी में नाबालिग लड़की के साथ रह रहे युवक के अचानक गायब होने के मामले पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुल्लू से संबंध रखने वाली नाबालिग को पुलिस ने अभिभावको को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि सरकाघाट से संबंध रखने वाला लड़का कुल्लू से लड़की को भगाकर ले गया। हडि़बा मंदिर में दोनों ने शादी कर ली। यहां से भागकर वह टौणी देवी पहुंचें और टप्परे गांव के पूर्व बीडीसी के मकान में एक कमरा किराये पर ले लिया।
चार दिन पहले अचानक लड़का लड़की को वही छोड़कर फरार हो गया। टौणी देवी में रह रहे उक्त लड़का-लड़की के पीछे की कहानी फिर सामने उस समय आई, जब लड़की पुलिस के पास आपबीती सुनाने के लिए पहुंच गई। बहरहाल पुलिस ने लड़की की पंचायत के प्रधान को इस संदर्भ में सूचित किया। पंचायत प्रधान व लड़की के अभिभावक लड़की को लेने के लिए टौणी देवी रवाना हुए। वहीं टौणी देवी पुलिस नाबालिग लड़की को लेकर मंड़ी पहुंची। यहां पर पुलिस ने लड़की को अभिभावको व पंचायत के सुपुर्द कर दिया।
वहीं बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथ लड़के का पहचान पत्र लगा है। इसके मुताबिक लड़का मंडी जिला के सरकाघाट से संबंध रखने वाला है। बहरहाल टौणी देवी में उक्त मामले की खूब चर्चा हो रही है। टौणी देवी पुलिस चौकी प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि लड़की अभिभावको को मंड़ी में सौंप दी है। मामले पर अब शिकायत आने पर ही कार्रवाई होगी।