ऊना (एमबीएम न्यूज़) : कस्बा संतोषगढ़ निवासी हैडबॉल खिलाड़ी अवतार सिंह का चयन भारतीय हैंडबॉल टीम के लिए किया गया है। अवतार सिंह फिलहाल सेना में सेवाएं दे रहे हैं। कई सालों से कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले अवतार सिंह जल्द ही एशियन क्लब लीग हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम में खेलते नजर आएंगे। पूर्व भारतीय हैंडबॉल कोच अरूण सैणी ने बताया कि अवतार सिंह पिछले सात सालों से सेना में सेवाएं दे रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने देश की प्रतिष्ठित हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में भी भाग लेकर अपना दमखम दिखाया है। जिसके चलते अब उन्हें हैदराबाद में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हुनर दिखाने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के तत्वाधान में किया जा रहा है। वहीं अवतार सिंह ने भारतीय टीम में खुद के चुने जाने पर खुशी जताई है।
उन्होंने कहा कि अपने देश के लिए खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए गौरव की बात होती है। उन्होंने कहा कि वह देश के खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे। वहीं अवतार के भारतीय टीम में चयन पर संतोषगढ़ नगर के लोगों ने खुशी का इजहार किया है। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।