मंडी(वी कुमार): बल्ह विधानसभा क्षेत्र में एक भाजपा नेता का ऑडियो क्लिप वायरल हो गया है। इस ऑडियो क्लिप में भाजपा नेता अपने समर्थकों को कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी के पक्ष में वोट डालने का निर्देश देते हुए सुनाई दे रहा है। ऐसी चर्चाएं हैं कि ऑडियो क्लिप में बल्ह के भाजपा नेता महंत राम चौधरी की आवाज है।
एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क यह स्पष्ट कर रहा है कि हम इस ऑडियो क्लिप की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, यह वायरल ऑडियो है और इसकी पूरे बल्ह विधानसभा क्षेत्र के साथ जिला भर में चर्चा हो रही है।
भाजपा नेता अपने समर्थकों को फोन करके कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी को स्पोर्ट करने की बात कह रहा है। यहीं नहीं इस ऑडियो में बल्ह से भाजपा प्रत्याशी को दसवीं पास बताते हुए सराज से भाजपा विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जय राम ठाकुर का भी जिक्र हुआ है। भाजपा नेता कहता है कि काम करवाने के लिए सराजी के पास जाना पड़ेगा इसलिए मैं आपके काम करवाउंगा आप प्रकाश चौधरी को मदद करो। बताया जा रहा है कि यह बातें मतदान से एक रात पहले हुई हैं। वहीं हमने इस बारे में महंत राम चौधरी से भी दूरभाष पर बात की।
महंत राम चौधरी ने ऑडियो क्लिप में अपनी आवाज होने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह मेरे खिलाफ षडयंत्र रचा गया है जबकि उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के लिए जी-जान से काम किया है। वहीं बल्ह मंडल भाजपा के अध्यक्ष हेमपाल राणा ने बताया कि ऑडियो क्लिप से संबंधित सारी जानकारी और मंडल की तरफ से पारित किया गया प्रस्ताव पार्टी हाईकमान को भेजा जा रहा है और इस पर पार्टी हाईकमान ही अंतिम निर्णय लेगा।
कौन हैं महंत राम चौधरी?
महंत राम चौधरी बल्ह से भाजपा के टिकट की दौड़ में थे लेकिन यहां से इंद्र सिंह गांधी को टिकट दिया गया है। महंत राम चौधरी 2007 में जिला एवं सत्र न्यायधीश के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया तो बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और हार गए। इसके बाद भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ने भी टिकट नहीं दिया तो 2012 का चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़ा। बल्ह में महंत राम चौधरी का काफी जनाधार है क्योंकि यह पूर्व मंत्री स्व. पीरू राम चौधरी के स्पुत्र हैं।
ऑडियो में हुई बात का हिंदी अनुवाद
भाजपा नेता – क्या सोचा सुबह के बारे में
समर्थक – हम तो आपसे ही राय लेना चाहते हैं
भाजपा नेता – राय क्या देनी, उस प्रकाश की मदद करो सारे सकरोहा वाले
समर्थक – प्रकाश की जी?
भाजपा नेता – हां हां प्रकाश की मदद करो, कैंडिडेट दस पढ़ा हुआ है और काम करवाने के लिए जंजैहली जाना पड़ेगा सराजी के पास
समर्थक – हां जी
भाजपा नेता – बाकी काम मैं करूंगा आपके, करो इसकी मदद, मैंने पहले भी काम के लिए कब इनकार किया, पहले भी तो मैं सबकी मदद करता रहा, और लोगों को भी मैंने फोन कर दिया है, करो इसकी मदद।