शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के 10 संगठनात्मक पदों पर की गई नियुक्तियों को रद्द कर दिया है। विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महासचिव, सचिव, प्रवक्ता व ब्लॉक अध्यक्ष के पदों पर कांग्रेस से नाराज चल रहे नेताओं को नियुक्त किया था। लेकिन अब चुनाव संपन्न हो जाने के बाद इन नेताओं की यह नियुक्तियां यह कहते हुए रद्द कर दी गई हैं कि ये सभी नियुक्तियां हाईकमान की अनुमति के बिना हुई थीं। खास बात यह है कि इनमें पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी रहे नेता भी शामिल हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से इसलिए रद्द किया गया है, क्योंकि ये हाईकमान के बिना अनुमोदन पर की गई थीं। इन 10 नेताओं में महासचिव पदों पर नियुक्त किए गए पूर्व विधायक योगराज, सत्या प्रकाश ठाकुर और सुरेंद्र पाल ठाकुर, प्रवक्ता पद पर नियुक्त देवेंद्र बुशहरी व पुष्पराज, सचिव पद पर तैनात किए गए धीरेंद्र सिंह, महासचिव पद पर मान चंद ठाकुर, उपाध्यक्ष पद पर चंद्र सैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंडी के राजिंद्र मोहन और ब्लाक कांग्रेस नाचन के दामोदर सिंह शामिल हैं।