नाहन (एमबीएम न्यूज) : कड़ी मेहनत व लग्र से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। सुविधाओं की कमी को पार करते हुए एवीएन स्कूल में दसवीं की छात्रा कविता ने कर दिखाया है। हाल ही में सोलन में आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में कविता ने परचम लहराया है। अब सीधे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एंट्री मिल गई है। बेहद साधारण परिवार से संबंध रखने वाली कविता की सफलता की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।
एवीएन स्कूल नाहन में दसवीं कक्षा की छात्रा कविता का चयन अहमदाबद में 27 से 31 दिसंबर तक होने वाले राष्ट्रीय स्तर के साइंस मेले के लिए हुआ है। सोलन जिले के डॉ. यशंवत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में हुई चार दिवसीय राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में सर्वे रिपोर्ट थीम दो में कविता ने पहला स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन के बूते कविता का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। अब इस थीम में कविता राष्ट्रीय स्तर पर अहमदाबाद में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
दसवीं की छात्रा कविता ने यह सर्वे रिपोर्ट अपनी अध्यापिका गुंजन के निर्देशन में तैयार की है। इसके लिए गाइड अध्यापिका गुंजन को भी सर्वश्रेष्ठ गाइड की ट्राफी प्रदान की गई। इस कार्य में हर्ष कुमार, मनीषा चौहान, आंचल और अंकिता ने कविता चौहान की सहायता की। कविता के पिता खेती बाड़ी का काम करते हैं। बावजूद इसके परिजनों ने कविता को बेहतर तालीम दी।
कविता अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापक, गाइड और प्रिंसीपल केके चंदोला को दिया है। कविता ने बताया कि स्कूल की ओर से मिले कुशल नेतृत्व और मागदर्शन के चलते वह इस मुकाम तक पहुंची है, जिसे वह आगे भी जारी रखेंगी।