नाहन (एमबीएम न्यूज): शिलाई में किसान परिवार में जन्मी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रतिभा का जौहर मनाने को बेताब हो गई है। हाल ही में भारतीय महिला कबड्डी टीम में चयन की खबर से समूचा शिलाई इलाका खुशी से झूम उठा था। वैसे तो प्रियंका की झोली में उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन नवंबर 2017 का महीना प्रियंका के लिए बेहद सौभाग्यशाली साबित हुआ है।
एक तरफ पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर बनने का गौरव मिला तो दूसरी तरफ भारतीय महिला कबड्डी टीम में चयन की खबर आई। 18 जनवरी 2016 को प्रियंका ने कुल्लू में बतौर सब इंस्पेक्टर ज्वाइनिंग दे दी थी, लेकिन ट्रेनिंग 31 अक्तूबर 2017 को पूरी हुई। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की बात की जाए तो 2011 में श्रीलंका में हुई साउथ एशियन गेम्स, 2012 में पटना में आयोजित प्रथम महिला कबड्डी वर्ल्ड कप व 2013 में चीन में आयोजित तृतीय एशियन बीच गेम्स प्रमुख हैं। शिलाई में कंवर सिंह नेगी के घर जन्मी प्रियंका करीब 7-8 सालों से कबड्डी में धमाल मचा रही है।
फरवरी 2016 में गुवाहाटी में आयोजित साउथ एशियन गेम्स में प्रियंका स्वर्ण पदक लेकर लौटी थी। भारतीय महिला कबड्डी टीम में स्वर्ण पदक जीता था। खास बात यह है कि प्रियंका ने एक गैप के बाद फिर भारतीय महिला कबड्डी टीम में वापसी की है, जो अमूमन आसान नहीं होता। विशेष बातचीत के दौरान प्रियंका नेगी ने कहा कि निश्चित तौर पर ईरान से भी भारतीय टीम स्वर्ण पदक लेकर ही लौटेगी। इसके लिए घंटों की प्रैक्टिस शुरू कर दी गई है। उनका कहना था कि परिवार के अलावा ट्रेनर्स का सहयोग हमेशा मिला है। उन्होंने कहा कि चूंकि अब वह पुलिस विभाग का हिस्सा बन चुकी हैं, लिहाजा विभाग भी हर कदम पर पूरी इम्दाद दे रहा है।