पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): बहुचर्चित मुमताज मर्डर के मुख्य आरोपी शारिक को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अस्पताल से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालत स्थिर होने पर उसे रिमांड पर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद शारिक को मौका-ए-वारदात पर ले जाया गया।
सूत्र बता रहे हैं कि मुख्य आरोपी ने इस बात को कबूल कर लिया है कि 20 साल की मुमताज को गला घोंट कर मौत के घाट उतारा गया था। इसके बाद लाश को गहरी खाई में फेंका गया। इस मामले में पुलिस ने शारिक के दोस्त के अलावा डॉ. रहमान की भी गिरफ्तारी कर ली थी। मामले ने खासाा तूल पकड़ा था। काफी संख्या में लोग नेशनल हाईवे पर उतर आए थे। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि पुलिस ने इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया है।
अंतिम जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने गिरफ्तारी कर ही कर ली थी, लेकिन इसकी भनक नहीं लगने दी गई। गौरतलब है कि मुमताज की हत्या के बाद शारिक ने भी खुद को चाकुओं से गोद कर घायल कर लिया था। इसके बाद उसे हरियाणा के जगाधरी के एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। हत्या का खुलासा होते ही पुलिस ने शारिक पर कड़ा पहरा बिठा दिया था।
एसपी रोहित मालपानी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 14 दिन पहले ही आरोपी को अस्पताल से न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद अब उसकी औपचारिक गिरफ्तारी कर पूछताछ शुरू की गई है।