नालागढ़ (एमबीएम न्यूज): हवस के भेडिय़ों ने मानसिक रूप से विक्षप्ति की लाचारी का फायदा उठाया। महिला की अस्मत से खिलवाड़ कर उसे लाचार छोड़ दिया गया। दुराचार करने वाले आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। ठंड में महिला 8 महीने का गर्भ लिए सडक़ों पर घूमती रही। रामशहर पुलिस के संज्ञान में मामला उस वक्त आया, जब पंचायत प्रतिनिधियों ने मानसिक रूप से विक्षिप्त गर्भवती महिला के बारे में पुलिस को सूचना दी।
हालांकि महिला को उपचार मिलना शुरू हो गया है, लेकिन हवस के भेडि़ए आजाद घूम रहे हैं। मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला अब पुलिस की निगरानी में है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को यह पता चला है कि महिला के पति की मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद महिला अपना मानसिक संतुलन खो बैठी। इसी बीच किसी ने महिला से दुराचार कर उसे गर्भवती कर दिया।
नालागढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद गर्भवती महिला को सोलन रैफर किया गया है। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील भी की है, ताकि महिला की इस स्थिति के जिम्मेदार लोगों को सलाखों के पीछे धकेला जा सके।
पीडि़त महिला की उम्र 45 वर्ष के आसपास है। चूंकि 8 महीने की गर्भवती महिला कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है, लिहाजा पुलिस के सामने गुनाहगारों को तलाश करना बड़ी चुनौती है। पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया है।