शिमला (शैलेंद्र कालरा): देवभूमि से महाबली द ग्रेट खली ने तीन हॉलीवुड फिल्मो द लांगेस्ट यार्ड (2005), गेट स्मार्ट (2008) व मेक गर्बर (2010)में प्रतिभा दिखाई। लेकिन अब हिमाचली बेटी सलोनी लूथरा ने एक साथ दो हॉलीवुड की फिल्मों में एंट्री मारी है। नवंबर 2016 से अगस्त 2017 तक सलोनी ने दो हॉलीवुड फिल्मो फॉरबीडन व टर्नड आउट की शूटिंग पूरी की है।
मूलत: प्रदेश की राजधानी की रहने वाली सलोनी इन दिनों 20 मिनट की शॉर्ट मूवी ‘काजल’ को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब प्रशंसा बटोर रही है। इस फिल्म में डायलॉग से सलोनी ने धमाल मचा दिया है।
शहर के नामी अधिवक्ता विजय पंडित की पौत्री सलोनी की शॉर्ट मूवी ने इटली के फ्लोरेंस में आयोजित रिवर टू रिवर फिल्म फेस्टीवल में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब जीता। इसके अलावा यूएसए व कनाडा के अलावा भी कई देशों में इस फिल्म की धूम मची हुई है। सेंट एडवर्ड से सेवानिवृत शैल पंडित की पौत्री की सफलताएं आज तक अपने ही प्रदेश में छिपी रही।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने रविवार को फोन पर सलोनी लूथरा से लंबी बातचीत की। सलोनी आत्मविश्वास से सरोबार व मजबूत इरादों की नजर आई। जियो फिल्म फेयर अवार्ड की शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में सलोनी की मूवी काजल नामांकित हुई है।
इस लिंक पर क्लिक कर देखें मूवी, साथ ही डाल सकते हैं वोट
https://www.filmfare.com/awards/short-films-2018/finalists/kajal/2755
हिमाचल की सुंदरी का जलवा
कुछ साल पहले सलोनी लूथरा घर से बॉलीवुड में कैरियर शुरू करने निकली थी। लेकिन बॉलीवुड में उसे ऐसे रोल्ज का ऑफर मिला, जो डेब्यू नायिकाओं को मिलता है। इसके लिए सलोनी कतई तैयार नहीं हुई। बॉलीवुड में इंकार हिम्मत से किया जाता है, क्योंकि मायानगरी में मना करने वालों से अक्सर प्रोडयूसर नाराज हो जाते हैं। कुछ हटकर करने का जज्बा लेकर निकली सलोनी ने बॉलीवुड में मौका न मिलने पर तमिल फिल्म इंडस्ट्री का रुख कर लिया था। सलोनी का इरादा था कि ऐसी फिल्म में मौका मिले, जिसमें उनकी ब्यूटी की बजाय एक्टिंग की तारीफ हो। तमिल शॉर्ट फिल्म ‘उलियम-उलियम’ में एक नेत्रहीन लडक़ी का रोल किया। इस फिल्म को 2016 में शिकागो फिल्म फेस्टीवल में जमकर सराहना मिली तो सलोनी का खुद पर विश्वास बढ़ गया।
शॉर्ट फिल्म ‘काजल’ की रिवाल्वर रानी
शॉर्ट फिल्म ‘काजल’ में सामाजिक संदेश छिपा है। इसमें दिखाया गया है कि एक वर्किंग महिला को सडक़ व बिल्डिंग में हर कोई बुरी नीयत से देखता है। यहां तक घर में पति की जिल्लत का सामना करना पड़ता है। बिल्डिंग का वॉचमैन भी गलत निगाहों से घूरता है। कैसे काजल के हाथ एक दिन रिवाल्वर लग जाती है। जिसके सहारे काजल बन जाती है रिवाल्वर रानी।
खुद क्या बोली सलोनी..
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से फोन पर हुई बातचीत में सलोनी लूथरा ने कहा कि एक साल के अंतराल के बाद हाल ही में घर आने का मौका मिला। चाहती थी, दोस्तों से मिले, लेकिन समय कम होने के कारण वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिल्म फेयर अवार्ड में नामांकित होना ही उनके लिए गौरव के पल थे। अगर आज अपने ही प्रदेश का सहयोग मिले तो अवार्ड भी जीत सकती है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट मूवी का वल्र्ड प्रीमियम मई 2017 में न्यूयार्क में हुआ था।
इस लिंक पर क्लिक कर देखें मूवी, साथ ही डाल सकते हैं वोट
https://www.filmfare.com/awards/short-films-2018/finalists/kajal/2755