मंडी (वी कुमार): जंजैहली उपमंडल के थुनाग से दर्दनाक खबर आई है। यहां दम घुटन से एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि पांच की हालत नाजुक है। चार मजदूरों को जोनल अस्पताल लाया गया है, जबकि एक थुनाग में ही उपचाराधीन है।
प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि वीरवार की रात मजदूर तंबुओं सोए हुए थे। लाइट के लिए जेनरेटर चलाया गया था। संभवत: जेनरेटर की खराबी के कारण तंबुओं में धुआं भर गया। गैस की मात्रा इतनी अत्यधिक बढ़ चुकी थी कि सोते हुए ही एक मजदूर ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी बेसुध ही पड़े रहे।
हादसे का खुलासा भी सुबह उस वक्त हुआ, जब अन्य मजदूरों व कर्मचारियों को चाय नहीं मिली, क्योंकि इन्हीं मजदूरों की डयूटी सुबह चाय बनाने की भी थी। चाय न मिलने पर तंबू में मजदूरों को देखा गया तो होश उडऩा लाजमी थे।
आनन-फानन में मजदूरों को थुनाग पहुंचाया गया, जहां से मंडी रैफर किए गए। बताया जा रहा है कि तमाम मजदूर कोलकाता के रहने वाले हैं, जो यहां हैदराबाद की हलसा जियो कंपनी के पास काम करने आए थे। यह कंपनी इलाके में तेल खोजने का अभियान चलाए हुए है। यह भी जानकारी मिली है कि मरने वाला मजदूर पश्चिम बंगाल के विश्वाकंडा इलाके का रहने वाला है।
एसपी अशोक कुमार का कहना है कि जंजैहली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।