दिल्ली/शिमला (एमबीएम न्यूज): एग्जिट पोल ने बीजेपी को जबरदस्त खबर दी है। इसके मुताबिक प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पार्टी 47 से 55 सीटें जीत सकती है। आजतक के एग्जिट पोल में यह पूर्वानुमान दिया गया है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में 14,222 सैंपल लिए गए थे, जबकि सर्वे करने वाले 23 थे। न्यूज-24 के चाणक्य एग्जिट पोल ने भाजपा को 55 (+/-7)व कांग्रेस को 13 (+/-7) की संभावना जताई है। इसके मुताबिक भाजपा को 51 प्रतिशत मत पड़े हैं, जबकि कांग्रेस को 38 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं।
एनडीटीवी के मुताबिक भाजपा 49 सीटें जीत रही है। कांग्रेस की झोली में 18 व अन्य के खाते में एक सीट जा रही है। एनबीटीसी वोटर एग्जिट पोल के मुताबिक 68 में से 41 सीटों पर कमल खिल रहा है। बीजेपी को 35 सीटों के जादुई आंकड़े से 6 सीटें अधिक मिल रही है। वहीं कांग्रेस को 25 सीटों पर संतोष करना पड़ेगा। 2 सीटें अन्यों के खाते में जा रही हैं। बीजेपी के लिहाज से देखें तो पिछले चुनाव के मुकाबले बड़ी बढ़त है। कांग्रेस ने 36 सीटों के साथ सरकार बनाई थी। वहीं कांग्रेस को पिछले चुनाव के मुकाबले 11 सीटों का नुकसान हो रहा है। अन्यों को 6 की बजाय 2 सीटें ही मिल पाएंगी।
दिलचस्प बात यह है कि बीते चुनाव के मुकाबले कांग्रेस के वोट शेयर में 1.2 फीसदी इजाफा हो रहा है। सर्वेक्षणों के मुताबिक चंबा व कांगड़ा में भाजपा की लहर देखने को मिल रही है। 20 में से 14 सीटों पर बीजेपी को जीत मिलती दिख रही है। एनबीटीसी वोटर एग्जिट पोल के मुताबिक शिमला क्षेत्र की 18 सीटों में से कांग्रेस को 9 सीटें मिलेंगी। यह अलग बात है कि 18 दिसंबर को जनादेश आना है।
इंडिया टुडे व एक्सिस माई इंडिया के प्री सर्वे में सर्वाधिक सीटें भाजपा को मिलती बताई गई थी। इस सर्वे में भाजपा को 43 से 47 सीटें, वहीं कांग्रेस को 21 से 25, जबकि अन्यों के खाते में 0 से 2 सीटें बताई गई थी। एबीपी न्यूज-सीएसडीएस के पूर्व सर्वे में भी बीजेपी को बहुमत दिया गया। इसमें कांग्रेस को 22 से 28 व भाजपा को 39 से 45 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई थी। अन्यों के खाते में 0 से 3 सीटें बताई गई।
वर्तमान में हिमाचल विधानसभा की 68 सीटों में कांग्रेस व भाजपा की क्रमश: 36 व 26 सीटें हैं। जबकि 5 निर्दलीय हैं। इसके अतिरिक्त एक सीट पर हिलोपा ने कब्जा किया था। लगभग एक दर्जन बागी उम्मीदवारों को भी नतीजों का इंतजार है। 9 नवंबर को 68 सीटों के लिए 74 प्रतिशत मतदान हुआ था।