शिमला (एमबीएम न्यूज़ ): सूबे की जयराम सरकार ने बोर्डो व निगमों में अहम पदों पर ताजपोशियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश भाजपा से जुडे आला नेता इन ताजपोशियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम निगम का निदेशक मंडल मंगलवार को गठित कर दिया। उद्योग मंत्री विक्रम सिंह निगम के चेयरमैन होंगे। वहीं प्रदेश भाजपा नेता संजीव कटवाल को निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कटवाल पार्टी में लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी भी रहे हैं। कटवाल मंडी जिले के संधोल के रहने वाले हैं।
हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम निगम के निदेशक मंडल में आईएएस अधिकारी श्रीकांत बाल्दी, आरडी धीमान, राजेश शर्मा, एचएएस अधिकारी राम कुमार गौतम और गैर कार्यकारी निदेशक के तौर पर कुल्लू जिले से ताल्लुक रखने वाली अंजय बोध, चंबा से विनोद कुमार और किन्नौर से बलदेव सिंह नेगी शामिल हैं। मंगलवार देर शाम इसकी अधिसूचना जारी की गई।
इस बीच राज्य सरकार ने राज्य खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड में उपाध्यक्ष पद पर पुरूषोतम गुलेरिया को तैनाती दी है। गुलेरिया सोलन के रहने वाले हैं। खादी बोर्ड के चेयरमैन भी उद्योग मंत्री विक्रम सिंह रहेंगे। इसके अलावा बोर्ड के सदस्यों में आईएएस श्रीकांत बाल्दी, आरडी धीमान, राजेश शर्मा, एचएएस जितेंद्र सांजटा और गैर सरकारी सदस्यों में उना के सागर दत्त भारद्वाज, मंडी के पीतांबर लाल और कांगड़ा के चंद्रवीर पाल शर्मा शामिल हैं।