पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): गुुरु की नगरी में आयकर विभाग की मुहिम रंग लाई है। करीब 20 घंटे तक आयकर विभाग के कर्मचारी व अधिकारी जागते रहे। लगभग 18 घंटे की कार्रवाई के बाद विभाग को लगभग एक करोड़ रुपए का टैक्स मिलने की उम्मीद है। इसमें से 22 लाख के चैक वसूल लिए गए।
हालांकि विभाग के अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन एमबीएम न्यूज नेटवर्क को मिली पुख्ता जानकारी के मुताबिक मीरा माईन्स के मालिक हुक्म चंदेल ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की आमदनी सरेंडर की है। वहीं आरा मशीन मालिक सुशील कुमार ने तकरीबन एक करोड़ रुपए की आय को सरेंडर किया है। अगर विभाग न्यूनतम दर से 30 प्रतिशत टैक्स की वसूली करता है तो इन दो फर्मों पर ही 75 लाख रुपए का टैक्स बन जाएगा। जुर्माने की स्थिति में यह राशि एक करोड़ के आसपास भी पहुंच सकती है।
उधर हिमालयन इंटरनेशनल के मनमोहन मलिक ने विभाग को 22 लाख रुपए के चैक सौंप दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक मलिक की फर्मो पर लगभग 90 लाख रुपए का टैक्स बकाया है। इसमें से ही 22 लाख रुपए चुकाए गए हैं। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि शिमला, सोलन व नाहन के आयकर विभाग कर्मियों व अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई रूटीन सर्वे का हिस्सा थी। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि विभाग ने फर्मों के रिकॉर्ड खंगाल कर जरूरी दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
खास बात यह भी है कि आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी अंजाम दिया। टीम में लगभग 30-40 कर्मचारी शामिल थे। उधर विभाग के अधिकारियों ने कुछ भी बोलने से इंकार किया है। केवल इतना ही कहा है कि सफलता मिली है।