नाहन(एमबीएम न्यूज़): भाजपा पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के शहर प्रवास पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि अचानक धनीराम शांडिल को जिला की याद कैसे आ गई। उन्होंने कहा कि अच्छा होता डा. शांडिल पहले अपने पांच साल के मंत्री काल और लोकसभा सदस्य की अवधि का हिसाब जिला की जनता के सामने रखते।
नाहन भाजपा नेता विनय गुप्ता, ओम प्रकाश सैनी, राकेश गर्ग और भाजपा मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा, ने यहां जारी एक ब्यान में कहा कि यह समझ से परे है कि कांग्रेस सरकार के जाते ही अचानक कर्नल शांडिल को जिला की याद कैसे आ गई। उन्होंने कहा कि पांच साल तक सत्ता का सुख भोगने के बाद आज शांडिल जिला के जिन मुददों को मीडिया के माध्यम से उठा रहे हैं उस पर प्रदेश और केन्द्र सरकार पहले ही तत्परता से कार्य कर रही है।
भाजपा ने कर्नल शांडिल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी पर भी कड़ा नोटिस लिया है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि जब कर्नल शांडिल प्रदेश में मंत्रिमंडल शामिल थे तो उस समय उन्होंने जिला की तरफ ध्यान नहीं दिया किंतु आज जब कांग्रेस सरकार नहीं है तो जिला प्रेम जागृत हो गया है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि डा. शांडिल को अगर जिला के लोगों की चिंता होती तो वह अपनी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्यों मौन रहे और उन्होंने सहयोग क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि शांडिल केवल प्रचार पाने के लिए ऐसी बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने गत चार साल के कार्यकाल में देश में भ्र्ष्टाचार को समूलन नष्ट करने जैसा अभूतपूर्ण निर्णय लिया और देश में एक सकारात्मक माहौल कायम हुआ है जिससे कांग्रेस घबरा गई है।उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के साथ देश की जनता कांग्रेस मुक्त भारत की ओर आगे बढ़ रही है, इसलिए कांग्रेस के नेताओं को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि अगली बार जब कर्नल धनीराम शांडिल जिला प्रवास पर आएं तो अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की सूचि जरूर साथ लेकर आएं और यदि वे जिला में केवल घूमने-फिरने के लिए टूरिस्ट के रूप में आना चाहें तो उनका हम स्वागत करते है।