एमबीएम न्यूज़/शिमला
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में कुलदीप सिंह राठौर की ताजपोशी के दौरान आज दो पक्षों के बीच हुई झड़प का मामला अब पुलिस के दरबार पहुंच गया है। इस झड़प में घायल हुए सुक्खू समर्थक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राजीव राणा द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस भवन में पांच लोगों ने उस पर हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इनमें पीडि़त का क्षेत्रीय अस्पताल रिपन में उपचार चल रहा है। कांग्रेसियों द्वारा पटकी गई कुर्सियां
एफआईआर में कांग्रेस के उन पांच कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है, जो कि वीरभद्र सिंह के कट्टर समर्थक हैं। इनमें कुछ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी हैं। इनमें महेंद्र स्तान, विनोद जिंटा, दीपक खुराना, वेद प्रकाश और विरेंद्र वांसटू शामिल हैं। इनके खिलाफ आईपीसी की धाराओं 323, 506, 147 व 148 के तहत केस दर्ज हुआ है। डीएसपी (हैडक्वार्टर) प्रमोद शुक्ला ने एफआईआर दर्ज किए जाने इसकी पुष्टि की है।
सनद रहे कि आज बाद दोपहर कांग्रेस भवन में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर राठौर की ताजपोशी चल रही थी। इस दौरान कांग्रेस भवन का हॉल कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा था। मंच पर राठौर के अलावा प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व सुक्खू सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इसी बीच एक कार्यकर्ता सुक्खू के पक्ष में नारेबाजी करने लगा। इससे वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ता उखड़ गए और उन्होंने कुर्सियों से पीडि़त पर हमला बोल दिया, जिससे वह लहुलहान होने लगा करीब पांच मिनट तक माहौल तनावपूर्ण रहा। इसके बाद घायल हुए कार्यकर्ता को अस्पताल ले जाया गया।
https://youtu.be/DOIxW23RmsI
पार्टी कार्यालय से बाहर निकलते वक्त भी पीडि़त सुक्खू के पक्ष में नारेबाजी कर रहा था। पिछले दिनों सुक्खू को हटाकर राठौर को पीसीसी का नया चीफ बनाया गया है। तब से वीरभद्र सिंह और सुक्खू के समर्थकों के बीच जुबानी जंग जोरों-शोरों से चल रही है।